
देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र के तपोवन स्थित विष्णुलोक कॉलोनी में मंगलवार को एक घर में बुजुर्ग दंपत्ति और उनकी नौकरानी की हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके से पकड़े गए आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद के बाद वारदात को अंजाम देने की बात बताई है।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार 6 अक्टूबर को करीब 3:10 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि विष्णुलोक कॉलोनी में एक घर में चोरी करने पहुंचे व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया है। सूचना पर रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को पकड़ रखा था।
पुलिस के अनुसार, घर के अंदर बुजुर्ग दंपत्ति और एक महिला गंभीर रूप से घायल एवं अचेत अवस्था में मिले। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान रमेश कपूर (80), उनकी पत्नी रजनी कपूर (75) और तिलया देवी उर्फ शीला (48) के रूप में हुई है। तिलया देवी बुजुर्ग दंपत्ति के घर में काम करती थीं।
प्लंबर का काम करता था आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजकुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी इंद्रेश नगर, सहारनपुर चौक, देहरादून है। मूल रूप से वह बिजनौर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह प्लंबर का काम करता है और करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपत्ति के घर प्लंबिंग के काम के लिए आता-जाता था। मंगलवार को भी वह उनके बुलाने पर काम करने पहुंचा था। काम पूरा होने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर उसकी बुजुर्ग दंपत्ति से कहासुनी हो गई।
पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान आरोपी ने अपने पास रखे पेचकस से बुजुर्ग दंपत्ति पर हमला कर दिया। उनकी आवाज सुनकर पड़ोस में काम करने वाली नौकरानी मौके पर पहुंची और बीच-बचाव का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया।
मौके से पेचकस बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल पेचकस बरामद किया है। इसके अलावा आरोपी के पास से एक सोने की चेन भी बरामद होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
घटना की सूचना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर रायपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस के अनुसार, फुटेज में आरोपी बुजुर्ग दंपत्ति के घर की ओर अकेले जाता हुआ दिखाई दिया है।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है।





