
अल्मोड़ा जनपद के भिकियासैंण क्षेत्र में आज दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। भिकियासैंण के भाटिया ग्राम के पास एक वाहन गहरी खाई में गिर गया, जिसमें सवार तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया । जानकारी के अनुसार वाहन संख्या UK04F6683 की नंबर प्लेट सड़क पर पड़ी मिली, जबकि एक व्यक्ति घायल अवस्था में सड़क किनारे मिला। आसपास वाहन दिखाई नहीं देने पर वाहन के खाई में गिरने की आशंका जताई गई। सूचना तत्काल थाना भतरौजखान पुलिस, 108 सेवा, आपदा कंट्रोल और एसडीआरएफ को दी गई। मौके पर पहुंची राहत बचाव टीमों ने देखा कि वाहन करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिरा हुआ था। रेस्क्यू अभियान के दौरान वाहन में सवार तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई। मृतकों की पहचान भुवन पुत्र दीवान राम निवासी ग्राम सगनेटी तहसील रानीखेत और कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम निवासी ग्राम ड्योड़ाखाल तहसील रानीखेत, उम्र 32 वर्ष, के रूप में हुई है। जबकि तीसरे मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि तीनों व्यक्ति जागरी का कार्य करते थे ,और चमोली के पुसैला गांव में पूजा कार्यक्रम संपन्न कराने के बाद देर रात अपने घर लौट रहे थे। पुलिस ने तीनों शवों को रेस्क्यू कर मोर्चरी रानीखेत भेज दिया है ।और आगे की कार्रवाई जारी है।
अपर पुलिसअधीक्षक अल्मोड़ा हरवंश सिंह ने दुर्घटना के बारे में बताया, वह घटना स्थल पर पहुंचे,उन्होंने दुर्घटना में मृतकों के परिजनों से वार्ता की। अपर पुलिसअधीक्षक ने कहा कि संभवतः यह दुर्घटना नीद की झपकी आने के कारण हुई है।पहाड़ों में अधिकांश दुर्घटनाएं नीद की झपकी आने, और नशे में वाहन चलाने के कारण होती हैं। अपर पुलिसअधीक्षक ने लोगों से अनुरोध किया है कि सावधानी वाहन चलाएं नशे की हालत में वाहन न चलाएं।



