
उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता विभाग की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में विजिलेंस की ट्रैप टीम ने कोटद्वार फायर स्टेशन के प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता के लैंसडाउन (पौड़ी गढ़वाल) स्थित होटल की फायर एनओसी जारी करने के एवज में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी द्वारा 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद सतर्कता विभाग ने मामले की गोपनीय जांच कराई। जांच में शिकायत सही पाए जाने और मामला ट्रैप के योग्य होने के बाद थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया।
इसके बाद बुधवार, 4 नवंबर 2026 को सतर्कता सेक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए भूपेश त्यागी को शिकायतकर्ता से 6 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अधिकारी भूपेश त्यागी कोटद्वार फायर स्टेशन में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी (लीडिंग फायरमैन) के पद पर तैनात थे। विजिलेंस की इस कार्रवाई से विभागीय महकमे में हलचल है।





