चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। जिले के निचले इलाकों में बारिश हुई, जबकि बद्रीनाथ धाम की चोटियों, हेमकुंड साहिब, नीति घाटी और बेदनी कुंड समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के बाद पहाड़ों ने सफेद चादर ओढ़ ली है। वहीं, बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट आने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद पहाड़ों की चोटियां बर्फ से ढक गई हैं। मौसम में आए इस बदलाव से क्षेत्र में सर्दी बढ़ गई है। इस बार अधिक बर्फबारी होने की संभावनाओं को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, आगामी दिनों में मौसम का मिजाज कैसा रहेगा, यह आने वाले समय में मौसम की स्थिति पर निर्भर करेगा।
कड़ाके की ठंड के बीच श्रद्धालुओं की आस्था बरकरार
बर्फबारी और तापमान में गिरावट के बावजूद बद्रीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की आस्था बनी हुई है। श्रद्धालु कड़ाके की ठंड के बीच दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इस दौरान वे बर्फ से ढकी पहाड़ियों और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद भी ले रहे हैं।
मौसम विभाग के अलर्ट के बाद प्रशासन सतर्क
प्रशासन के अनुसार, मौसम विभाग ने बारिश और बर्फबारी को लेकर पहले ही चेतावनी जारी की थी। इसके मद्देनजर बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड में रहने को कहा गया था।
प्रशासन ने बताया कि मौसम विभाग की पूर्व चेतावनी के अनुरूप क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी हुई है। बद्रीनाथ धाम में बढ़ती ठंड को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलाव की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को ठंड से राहत मिल सके।





