
देहरादून। राजधानी देहरादून में अपराधों की रोकथाम और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए दून पुलिस ने रविवार को नगर से लेकर देहात तक व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने मलिन बस्तियों, पॉश कॉलोनियों, हॉस्टल, पीजी और होम स्टे में रह रहे 1500 से अधिक किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों और छात्रों का सत्यापन किया।
अभियान के दौरान किरायेदारों और घरेलू नौकरों का सत्यापन नहीं कराने तथा अन्य अनियमितताएं मिलने पर पुलिस ने 147 भवन स्वामियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत कार्रवाई की। इन भवन स्वामियों पर कुल 14 लाख 70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे 23 व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने भी लाया। पुलिस के अनुसार, इन व्यक्तियों से पूछताछ के साथ उनके सत्यापन की कार्रवाई की गई।
इसके अलावा, पूर्व में आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहे, मामलों में प्रकाश में आए और जमानत पर चल रहे 28 अभियुक्तों का भी भौतिक सत्यापन किया गया।
एसएसपी देहरादून ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आपराधिक पृष्ठभूमि वाले बाहरी व्यक्तियों की तलाश करने और संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।





